Showing posts with label * विनोद निगम. Show all posts
Showing posts with label * विनोद निगम. Show all posts

August 15, 2023

घर की याद

तपी सड़क पर, 
पाँव जला लेते जब माहेश्वर,
याद बहुत आता है, 
ठंडी अमराई-सा घर

घर, जिसमें बाबू रहते थे, 
अम्मा रहती थीं 
नानी, राजा-रानी बुनी, 
कहानी कहती थीं
घर, जिसमें चूल्हे पर पकती 
दाल मँहकती थी 
नाउन, महरिन चाची की, 
कनबतियाँ चलती थीं 
सम्बन्धों की सूनी आँखों में, 
भर आता है, 
प्यार, दुलार भरे भइया-सा, 
भौजाई-सा घर 
याद बहुत आता है... 

आते थे मुजीमपुर से, 
बाबा झोला डाले 
कोनों में थे, चच्चा के 
बीड़ी वाले आले 
अपनेपन की धन-दौलत, 
बँटवारे दुख-सुख के 
बन्द बरोठों में पसरे पल, 
चैन शान्ति वाले 
हार्न, सायरन, बन्दूकों, 
विस्फोटों में रह-रह 
कानों में बजता है, 
मंगल शहनाई-सा घर 
याद बहुत आता है... 

दादी देती थीं गुड़-पट्टी, 
लड्डू लइया के 
भुनसारे तक चलते थे, 
मीठे जस मइया के 
आँगन भर थी धूप शिशिर को, 
छपरी भादों को 
तपे जेठ में सुख थे, 
नीम तले चरपइया के 
कोल्डड्रिंक, कॉफ़ी, रम, 
व्हिस्की के कडुवेपन में 
बसा स्वाद में अब तक, 
मीठी ठंडाई-सा घर 
याद बहुत आता है, 
ठंडी अमराई-सा घर। 

-डॉ० विनोद निगम

June 16, 2023

सबसे अच्छी माँ

जाने क्यों इतनी जल्दी ही, 
वापस लिया बुला
प्रभु ने दी थी मुझको, 
जग की सबसे अच्छी माँ

अपने भाई, चन्दा के घर 
रोज हमें ले जातीं
और वहाँ से दही बताशे, 
दूध मखाने लातीं
माँ के हाथों में बसता था, 
स्वाद जगत का सारा
सब्जी, रोटी, दाल, भात भी, 
अमृत तुल्य बनातीं
व्यंजन पकवानों से पूरित 
रहती सदा रसोई
अन्नपूर्णा, तृप्तिदायिनी, 
सन्तोषी, सुखदा
प्रभु ने दी थी... 

अपने पाँव मोड़, 
पूरी चादर में हमें सुलाया
धूप, हवा बारिश में, 
अपने आँचल बीच छुपाया
कठिनाई में धैर्य पिता को, 
सम्बल हर मुश्किल में
अपनेपन से, हिलमिल सबसे, 
जीना हमें सिखाया
जीवन दिया, सँवारा बचपन, 
फिर ले गईं विदा
ममता नेहभरी, वत्सल तुम, 
हम को गई रूला
प्रभु ने दी थी... 

भाई बहन, संग परिजन 
निशिदिन करते याद तुम्हारी
रंग-बिरंगी है, सुरभित है, 
रोपी जो फुलवारी
सपनों में दिखती हो माँ, 
दिखतीं बादल-तारों में
आओ कभी लौट आँगन में, 
लौटें, खुशियाँ सारी
छन्द ग्रन्थ सब छोटे हैं, 
माँ, बौनी है कविता
वाणी अक्षम, मौन अश्रु में 
स्वीकारो, श्रद्धा
प्रभु ने दी थी मुझको, 
जग की सब से अच्छी माँ
जाने क्यों... 

-डॉ. विनोद निगम

मेरा है नाम

रेत से लिखो या जलधार से लिखो, 
मेरा है नाम, इसे प्यार से लिखो

खोल कर हवाओं में, 
जुड़े सौरभ के, 
ओस नम हथेली में, 
इन्द्रधनु कसेंगे हम 
फूलों से भर देंगे, 
सूनी यात्राएँ
नीले जल में हिलते, 
द्वीप में बसेंगे हम 
पलकों की स्याही से, 
अधर की गवाही से 
या बाँहों के बंदनवार से लिखो
रेत से लिखो... 

भर कर पूरनमासी 
चाँदनी शिराओं में, 
बाँहों में धार, 
नदी निर्झर की जोड़कर, 
छोड़ कर हिरन साँसों के, 
चन्दनवन में 
हम-तुम बह जाएँगे, 
लहरों को तोड़ कर 
पल से चाहे छिन से, 
या कि निमिष भर मन से 
दो मंगल अक्षर, 
त्योहार से लिखो
मेरा है नाम, 
इसे प्यार से लिखो

-डॉ. विनोद निगम

बाराबंकी में

बड़ी फजीहत झेल चुके, जग की नौटंकी में
चलो रहें, कुछ दिन सुकून से, बाराबंकी में

गवरमेन्ट स्कूल चलेंगे, बैठेंगे कुछ पल
जिस गुरुकुल में बीता, आज बनाने वाला कल
गलियों में, गुल्ली, कंचों से, चोर-सिपइया से
लौटाएँगे बचपन फिर, मिल चप्पू भइया से
मुन्नू की गुड़पट्टी, मक्खन, मुन्ना के खस्ते, 
यादों में अम्मा-बाबू की, इनकी उनकी में
चलो रहें कुछ दिन... 

सँकरी बस्ती, शहर पुराना, मैला मैला सा
कस्बे से बन रहा नगर, अब फैला फैला सा
गली मोहल्ले वाली आपसदारी टूट रही
कोलाहल है, भीड़ बढ़ी मन किन्तु अकेला सा
घन्टाघर, नागेसर मंदिर और धनोखर की
चहल-पहल की शामों में, आरती-भजन की में
चलो रहें कुछ दिन... 

थे 'खुमार' पहचान, शायरी की ऊँचाई की
सागर की गजलें, नज्में शम्सी मीनाई की
कल्पनाथ के गीत, जादुई हाकी 'बाबू' की
आएगी ही याद, रफी अहमद किदवाई की
पारिजात को छुएँ, चढ़ाएँ चादर देवा में,
जानें, क्या था खास, कृष्णचन्दर के डंकी में
चलो, रहें कुछ दिन सुकून से बाराबंकी मे।

-डॉ. विनोद निगम

June 15, 2023

जारी हैं लेकिन यात्राएँ

मुट्ठी भर धूप, दालान भर अँधेरे.
यह ही कुल पास बचा मेरे

पत्थर सा वर्तमान पाँवों में बाँधकर, 
मोड़ों पर छोड़ गई लाकर,घटनाएँ 
सीमा में दृष्टि की सिमट आया धुँधलापन
भीड़ में गई है धुल, अब सभी दिशाएँ 
अधरों पर सिटकनी चढ़ा गई हवाएँ 
आँखों में खालीपन, भर गए उजेरे
मुट्ठी भर धूप...

सारी उपलब्धियों, प्रयासों ने, 
चन्द अभावों की बाँहों में दम तोड़े 
लहरों के साथ बहे सारे अवलम्बन
पाँवों ने रेत भरे तट ज्यों ही छोड़े 
और केन्द्र की तरफ सरक आए
परवशताओं के बिखरे-बिखरे घेरे
मुट्ठी भर धूप...
 
मील का प्रथम पत्थर
अब तक अनदेखा
जारी है लेकिन यात्राएँ
साथ सिर्फ दीमक चाटी 
पुस्तक बचपन की,
यौवन घुन लगा,
और अनुभव कुछ मित्रों के
अमर बेल जैसी शंकाएँ
पहले से ही अवसर वादी थे साधन
सुविधाओं ने भी असमय ही, मुँह फेरे
मुट्ठी भर धूप...
 
मुट्ठी भर धूप,
दालान भर अँधेरे,
यह ही कुल पास बचा मेरे

-डॉ. विनोद निगम

May 15, 2017

फिर बज उठे हवा के नूपुर

फिर बज उठे हवा के नूपुर
फूलों के, भौंरों के चर्चे
खुले आम आँगन-गलियारे
बँटने लगे धूल के पर्चे

जाने क्या कह दिया दरद ने
रह-रह लगे बाँस वन बजने
पीले पड़े फसल के चेहरे
वृक्ष धरा पर लगे उतरने
पुरवा लगी तोड़ने तन को
धारहीन पछुआ के बरछे

बैर भाँजने हमसे, तुमसे
मन हारेगा फिर मौसम से
निपटे नहीं हिसाब पुराने
तन, रस, रूप, अधर, संयम से
फूलों से बच भी जाएं तो
गंधों के तेवर हैं तिरछे।

-विनोद निगम

December 31, 2013

नये साल जी

अब की लाना नये साल जी
ज्यादा खुशियाँ, कम बवाल जी
हँसी-खुशी के मौके लाना
फिर विराट के चौके लाना
धोनी जीतें, मूँड़ मिड़ायें
ऐसे दृश्य अनोखे लाना
गाली बकना छोड़ हमारे
नेता बोलें मीठी बानी
सब को छत, सबको दो रोटी
सबको शिक्षा सबको पानी
समाधान हों, नब्बे प्रतिशत
दस प्रतिशत ही हों सवाल जी
ले आना दादी का चश्मा
दादा जी का स्वेटर-शाल
धोती नई मिले अम्मा को
बापू के भी सुधरें हाल
मन्दिर गले मिलें मस्जिद से
साझा, ईद, दिवाली सबकी
सबके कानों हो गुरुबानी
हर घर केक कटे, क्रिसमस का
किसी भले को ताज मिले जी
जन गण मंगल, राज मिले जी
यही प्रार्थना, यही इबादत
दस रुपये में, प्याज मिले जी
नाकाबिल कुर्सी ना पाएँ
इसका भी रखना खयाल जी

-डा॰ विनोद निगम
होशंगाबाद

January 14, 2012

अनचाहे फूलेंगे टेसू के फूल

बीती दुहरायेंगे
तन मन भरमायेंगे
प्राणों को छू लेंगे टेसू के फूल

धूप की चिरैया
अमराई के आंगन में
फुदकेगी, गाएगी
बंसवट के कानों में
उम्र च़ढी हवा
प्रीति के स्वर दुहराएगी
दृग में तिर जाएंगे
पानी में उतराते
जोड़े सुरखाबों के
महुए की डाल
झुकेंगी, परिचित बाँहों सी
बाँहों तक जाएंगी
आसपास झूमेंगे
सुधियों को चूमेंगे
नयनों में झूलेंगे, टेसू के फूल

इच्छाओं के तन पर
रह रह पुरवाई के
कांटे चुभ जाएंगे
आँखों में,
बुझे हुए खालीपन के
अनगिन बिरवे अंखुवाएंगे
सूनापन डोलेगा
आंगन दहलीजों के
बन्द द्वार खोलेगा
अमलतास के पत्तों से
झरते चन्दन-क्षण
लौट नहीं आएंगे
प्यास को उगाएंगे
सांस में समाएंगे,
जन्म भर न भूलेंगे
टेसू के फूल

-डा. विनोद निगम