Showing posts with label * विनय मिश्र. Show all posts
Showing posts with label * विनय मिश्र. Show all posts

October 13, 2022

ध्यान रहे

जो आंँखों के पानी में है ध्यान रहे
 वो मेरी निगरानी में है ध्यान रहे

 अंधकार में
 डूबी-डूबी रातों की
 देखा देखी
 नहीं चलेगी बातों की
 इक मुश्किल
आसानी में है ध्यान रहे
जो आंँखों के पानी में है...

 बाज़ारों में
 आज गिरावट भारी है
 जीवन मूल्यों का
 मिटना भी जारी है
 हर रिश्ता
 हैरानी में है ध्यान रहे
जो आंँखों के पानी में है...

 आई घर में
 छंद मुक्त हो भौतिकता
 कविताओं की
 नष्ट हो गई मौलिकता
 जो तुलसी की
 बानी में है ध्यान रहे
जो आंँखों के पानी में है...

-विनय मिश्र

June 8, 2022

एक मोर का पंख

एक मोर का पंख रखा है
 बरसों पढ़ी किताब में

 मार कोहनी संकेतों की
 अक्षर हैं बौराये
 सहमे हुए अर्थ के पंछी
 मगर कहांँ उड़ पाये
 सदियों चलकर
 सच की दुनिया
 टिकी हुई है ख़्वाब में
एक मोर का पंख रखा है...

 जाने सच है या केवल
 यह मौसम की है लेखी
 मीठे संबंधों में अक्सर
 तनातनी है देखी
 रिश्ते कायम
 वैसे ही हैं
 कांँटे और गुलाब में
एक मोर का पंख रखा है...

 आंँखों में दिन भर की बातें
 लिए टहलती शामें
 बाहर चुप्पी लेकिन भीतर
 चाहों के हंगामे
 छवियांँ जगतीं रहीं
  रात भर
 यादों के मेहराब में
एक मोर का पंख रखा है

-विनय मिश्र