Showing posts with label * भारत भूषण. Show all posts
Showing posts with label * भारत भूषण. Show all posts

August 4, 2023

चक्की पर गेहूँ लिए खड़ा

चक्की पर गेंहूँ लिए खड़ा
मैं सोच रहा उखड़ा-उखड़ा
क्यों दो पाटों वाली साखी
बाबा कबीर को रुला गई

लेखनी मिली थी गीतव्रता
प्रार्थना-पत्र लिखते बीती
जर्जर उदासियों के कपड़े
थक गई हँसी सीती-सीती
हर चाह देर में सोकर भी
दिन से पहले कुलमुला गई

कन्धों पर चढ़ अगली पीढ़ी
ज़िद करती है गुब्बारों की
यत्नों से कई गुनी ऊँची
डाली है लाल अनारों की
प्रत्येक किरण पल भर उजला
काले कम्बल में सुला गई

गीतों की जन्म-कुंडली में
संभावित थी ये अनहोनी
मोमिया-मूर्ति को पैदल ही
मरुथल की दोपहरी ढोनी
खण्डित भी जाना पड़ा वहाँ
जिन्दगी जहाँ भी बुला गई।

-भारत भूषण

December 18, 2011

तू मन अनमना न कर अपना




भारत भूषण
[ ८ जुलाई १९२९ - १७ दिसम्बर २०११ ]
-भारत भूषण

तू मन अनमना न कर अपना
इसमें कुछ दोष नहीं तेरा
धरती के काग़ज़ पर मेरी
तस्वीर अधूरी रहनी थी

रेती पर लिखे नाम जैसा
मुझको दो घड़ी उभरना था
मलयानिल के बहकाने पर
बस एक प्रभात निखरना था
गूँगे के मनोभाव जैसे
वाणी स्वीकार न कर पाए
ऐसे ही मेरा हृदय-कुसुम
असमर्पित सूख बिखरना था
जैसे कोई प्यासा मरता
जल के अभाव में विष पी ले
मेरे जीवन में भी कोई
ऐसी मजबूरी रहनी थी

इच्छाओं के उगते बिरवे
सब के सब सफल नहीं होते
हर एक लहर के जूड़े में
अरुणारे कमल नहीं होते
माटी का अंतर नहीं मगर
अंतर रेखाओं का तो है
हर एक दीप के हँसने को
शीशे के महल नहीं होते
दर्पण में परछाईं जैसे
दीखे तो, पर अनछुई रहे
सारे सुख-वैभव से यूँ ही
मेरी भी दूरी रहनी थी

मैंने शायद गत जन्मों में
अधबने नीड़ तोड़े होंगे
चातक का स्वर सुनने वाले
बादल वापस मोड़े होंगे
ऐसा अपराध किया होगा
जिसकी कुछ क्षमा नहीं होती
तितली के पर नोंचे होंगे
हिरनों के दृग फोड़े होंगे
अनगिनती कर्ज़ चुकाने थे
इसलिए ज़िन्दगी भर मेरे
तन को बेचैन विचरना था
मन में कस्तूरी रहनी थी

-भारत भूषण

[सुप्रसिद्ध गीतकार भारत भूषण ने शनिवार १७ दिसम्बर २०११ को दिन के ३ बजकर ५० मिनट पर इस संसार को हमेशा के लिए छोड़ दिया। नवगीत परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धाजंलि। ]