Showing posts with label * रामसनेही लाल शर्मा यायावर. Show all posts
Showing posts with label * रामसनेही लाल शर्मा यायावर. Show all posts

May 14, 2011

गाँव नहीं आना

हीरामन ! कुछ भी कर लेना
गाँव नहीं आना

खुशियों की चिड़ियों ने
पहले ही मुँह मोड़ा था
अब वो गाँव नहीं है
जिसको तुमने छोड़ा था
खेतों में अब फसल नहीं
बंदूकें उगती हैं
आतंकित हैं सहमी-
डरी हवाएँ चलती हैं
भूखे रह लेना या
आधी खकर सो जाना ।
हीरामन ! कुछ भी कर लेना
गाँव नहीं आना ।।

कलह यहाँ कजरी गाती है
गाता वैर मल्हारें
हर आँगन में छत से ऊँची
तनी हुई मीनारें
झगड़ रहा है खेत मेड़ से
आँगन से चौपालें
जिन्दा कबूतरों की रोज
उतारी जाती खालें
नहीँ सुनेगा कोई तेरा
राम राम गाना ।
हीरामन ! कुछ भी कर लेना
गाँव नहीं आना ।।

लाठी चला रही जूते से
सरपंची कानून
मुखिया के बेटे से बड़ा
न कोई अफलातून
बैठोगे तुम कहाँ
छतों पर बिछी हुई बारूद
डर से सूख गया उपवन का
वह छोटा अमरूद
हर उजली चादर का
बिखर गया ताना-बाना ।
हीरामन ! कुछ भी कर लेना
गाँव नहीं आना ।।

पीपल, बरगद, आम सभी हैं
फिर भी उजड़ा बाग
अपनी-अपनी ढफली सबकी
अपने-अपने राग
छुआ-छुपौवल, गुल्ली-डण्डा
कंचे खेल-तमाशा
सब उदास हैं सबके मन में
बैठी हुई हताशा
पागलपन मत करना, रहते
वहीं रहे जाना ।
हीरामन ! कुछ भी कर लेना
गाँव नहीं आना ।।

-रामसनेही लाल शर्मा यायावर