Showing posts with label * महेश अनघ. Show all posts
Showing posts with label * महेश अनघ. Show all posts

August 31, 2023

कुछ न मिला जब

कुछ न मिला जब 
धनुर्धरों से
बंशी वारे से 
हार-हूर कर माँग रहे हैं
भील-भिलारे से 

ला चकमक तो दे
चिंतन में आग लगाना है
थोड़ी सी किलकारी दे
बच्चे बहलाना है
कैसे डरे-डरे बैठे हैं
अक्षर कारे से 
कुछ न मिला जब... 

हम पोशाकें पहन
पिघलते रहते रखे-रखे
तूने तन-मन कैसे साधा
नंग-मनंग सखे
हमको भी चंगा कर
गंडा, बूटी, झारे से 
कुछ न मिला जब... 

हम कवि हैं
चकोरमुख से अंगार छीनते हैं
बैठे-ठाले शब्दकोश के
जुएँ बीनते हैं
मिले तिलक छापे
गुरुओं के पाँव पखारे से 
कुछ न मिला जब... 

एक बददुआ-सी है मन में
कह दें, तो बक दूँ,
एक सेर महुआ के बदले
गोरी पुस्तक दूँ,
हमें मिला सो तू भी पा ले
ज्ञान उजारे से 
कुछ न मिला जब... 

-महेश अनघ

May 27, 2023

बँटवारा कर दो ठाकुर

बँटवारा कर दो ठाकुर 

तन मालिक का
धन सरकारी
मेरे हिस्से परमेसुर 

शहर धुएँ के नाम चढ़ाओ
सड़कें दे दो झंडों को
पर्वत कूटनीति को अर्पित
तीरथ दे दो पंडों को 
खीर-खांँड ख़ैराती खाते
हमको गौमाता के खुर
बँटवारा कर दो... 

सब छुट्टी के दिन साहब के
सब उपास चपरासी के
उसमें पदक कुँअर जू के हैं
ख़ून पसीने घासी के
अजर-अमर श्रीमान उठा लें
हमको छोड़े क्षणभंगुर

पंछ बुलाकर करो फ़ैसला
चौड़े-चौक उजाले में
त्याग-तपस्या इस पाले में
राजभोग उस पाले में
दीदे फाड़-फाड़ सब देखें
हम देखेंगे टुकुर-टुकुर

-महेश अनघ

December 8, 2012

भील भिलारे से