पंछी पेड़ों से दहशत में
उड़े मचाते शोरजंगल के सीने पर चढ़कर
बैठा आदमखोर।
संध्याओं के हाथ जले हैं
पंख तितलियों के
कितने तेज धार वाले
नाखून उँगलियों के
फंदा डाल गले में
लटकी हुई सुनहरी भोर।
इतना सब कुछ हुआ मगर
ये दिन भी कहाँ अछूता
फर्जी हर मुठभेड़ कहाँ तक
लिखता इब्नबतूता
फिर बहेलिए खींच रहे हैं
नये जाल की डोर।
सपनीली आँखों में भी हैं
सपने डरे हुए
तपती हुई रेत में
सौ-सौ चीतल मरे हुए
जल विहीन मेघों के सम्मुख
कत्थक करते मोर।
-जयकृष्ण राय तुषार
( सम्यक पत्रिका के नवगीत विशेषांक से )